डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना कार्य पूरे देशभर में जारी है। इसी क्रम में डिंडोरी जिले के शहपुरा नगर क्षेत्र में जनगणना एवं जनकल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत भोपाल जनगणना कार्य निदेशालय से पहुंचे संयुक्त निदेशक जयशहदाद पूरी, सहायक निदेशक आशीष श्रीवास्तव एवं जिला प्रभारी जयदीप नंदनवार ने विभिन्न प्रगणक ब्लॉकों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगरीय निकाय शहपुरा अंतर्गत जनगणना कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए नजरी नक्शा, स्वयं जनगणना आईडी, भवन एवं मकानों की स्थिति, मकानों के उपयोग तथा परिवारों से संबंधित जानकारी का बारीकी से परीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में कोई वास्तविक मकान या परिवार सूचीकरण से छूटने न पाए, इसके लिए पूरी सावधानी और गंभीरता बरती जाए।

इस अवसर पर एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, चार्ज जनगणना अधिकारी एवं नगर परिषद सीएमओ रीना राठौर तथा तहसीलदार राम प्रसाद मार्को सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण उपरांत संयुक्त निदेशक ने शहपुरा नगरीय निकाय में संचालित जनगणना कार्य की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने जनगणना कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निरंतर प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Exit mobile version