Nitrosun-10 टैबलेट की सप्लाई का हुआ खुलासा, आरोपी से 10,400 रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट Nitrosun-10 की सप्लाई करने वाले फरार मुख्य आरोपी नरेन्द्र निर्मलकर उर्फ निखिल निर्मलकर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विशेष शर्मा (22 वर्ष), निवासी मराठापारा, धमतरी ने पूछताछ के दौरान अपने मेमोरेंडम कथन में बताया था कि उसने नरेन्द्र निर्मलकर उर्फ निखिल निर्मलकर से 14 पत्ते यानी कुल 140 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट 14 हजार रुपये में खरीदे थे। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 276/2026, धारा 22(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। विशेष शर्मा को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस को 23 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिहावा चौक की ओर जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर नरेन्द्र निर्मलकर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने 26 अक्टूबर 2026 को विशेष शर्मा को 140 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट 14 हजार रुपये में बेचना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से 10,400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जिसमें बिक्री की शेष नगदी 400 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त रियलमी कंपनी का पुराना मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये है, शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेन्द्र निर्मलकर उर्फ निखिल निर्मलकर, पिता मन्नुलाल निर्मलकर, उम्र 27 वर्ष, निवासी अम्बेडकर वार्ड, शीतला मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी को 23 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय सीजेएम न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

