अंतरविभागीय समन्वय संबंधी विषय टीएल में अवश्य रखें

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

सतना 23 नवम्बर 2026/कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में राष्ट्रीय और राज्य के विभिन्न आयोग से प्राप्त होने वाले पत्रों में तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए उसका प्रतिवेदन आयोग को समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिये है। इसी प्रकार विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं के निर्माण में अंतरविभागीय समन्वय संबंधी विषय प्रत्येक सप्ताह की टीएल में अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिये है, ताकि समन्वय के कारण विकास कार्यो में कोई रूकावट अथवा विलम्ब नहीं हो। समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, सुभाष मिश्रा, संदीप श्रीवास्तव, राहुल सिलाडिया, डिप्टी कलेक्टर जीतेन्द्र वर्मा, संदीप परस्ते सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग अनुसूचित जनजाति आयोग सहित मध्यप्रदेश राज्य के विभिन्न आयोग द्वारा प्राप्त पत्रों के अनुसार की गई कार्यवाहियों की विभागवार समीक्षा की। विकास योजनाओं में विभागीय समन्वय के विषयों पर विभाग द्वारा टीएल बैठक में प्रकरण चर्चा के लिए नहीं रखने की प्रवृत्ति पर भी कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की है। कलेक्टर ने समस्त जिला कार्यालय प्रमुखों को लिखे गये पत्र में कहा है कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कार्यालय प्रमुखों को अंतरविभागीय मुद्दा चर्चा के लिए प्रस्तुत करने के बार-बार निर्देश दिये जाने के बावजूद बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किये जा रहे है। बल्कि अंतरविभागीय मुद्दा उनके वरिष्ठ कार्यालय या अन्य माध्यमों से प्राप्त होते है। यह अत्यंत ही खेद का विषय है। कलेक्टर ने पुनः विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विभाग में किसी भी कार्य या निर्माण कार्य में कोई रूकावट या समस्या आ रही है। जिसका निराकरण दूसरे विभाग के समन्वय से किया जाता है। ऐसे मुद्दे समय-सीमा की बैठक में विभाग के कार्य का नाम विषय या मुद्दा किस विभाग से संबंधित है की संक्षिप्त टीप के साथ समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करे। अन्यथा यह माना जायेगा कि विभाग में किसी भी प्रकार की समस्या या अंतरविभागीय मुद्दा नहीं है। इस आशय का प्रमाण पत्र लेकर संबंधित अधिकारी पर जवाबदेही तय की जायेगी।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के 300 दिवस, 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इतने समय तक सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को लंबित नहीं रखे। विभाग द्वारा यथा संभव नियमानुसार कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात और कोई कार्यवाही नियमानुसार नहीं की जा सकती है। ऐसे प्रकरणों को एल-3 अधिकारी से क्लोज कराये। कलेक्टर ने कहा कि योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा नीति चिंतन सुझाव के लिए शेष रहे विभागों की वांछित जानकारी शीघ्र प्रेषित कराये।

 

प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

Leave A Reply

Exit mobile version