डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
शहपुरा। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महावीर जयंती के पावन अवसर पर शहपुरा नगर में जैन समाज द्वारा भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकालकर पूरे शहर को धर्ममय वातावरण में सराबोर कर दिया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के संगम ने नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
प्रातःकाल जैन मंदिर में भगवान महावीर की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके पश्चात शहपुरा नगर से पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सजे-धजे रथ, आकर्षक झांकियाँ, धार्मिक ध्वज और भजन-कीर्तन ने सभी का मन मोह लिया।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भगवान महावीर के जयकारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया। युवा, महिलाएं और बच्चे सभी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और नृत्य करते हुए अपनी आस्था का प्रदर्शन किया।
इस दौरान जैन समाज के सदस्यों द्वारा भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। शोभायात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में सामूहिक आरती संपन्न हुई तथा भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
पूरे आयोजन में जैन समाज के लोगों का सराहनीय सहयोग रहा, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक और गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ। शहपुरा नगर में महावीर जयंती का यह आयोजन श्रद्धा, एकता और धार्मिक समरसता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
