नवनीत कार्यकर्ताओं का किया सम्मान, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

शहपुरा। विधानसभा क्षेत्र शहपुरा में आम आदमी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में रविवार को शहपुरा स्थित पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू के नेतृत्व में संगठन विस्तार बैठक एवं नवनीत कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान पार्टी से जुड़े नवनीत कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिला अध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने, आमजन के बीच सक्रिय रहने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, सदस्यता अभियान को व्यापक बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विशेष चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव साझा किए और संगठन को बूथ एवं ग्राम स्तर तक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने क्षेत्रीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनता के बीच पार्टी की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट विनय झारिया, धनंजय सिंह, जिला सचिव प्रहलाद सिंह परस्ते, जिला संगठन मंत्री देवी प्रसाद साहू, ओबीसी विंग जिला अध्यक्ष घनश्याम कुशवाहा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी शारदा नामदेव, जिला मीडिया प्रभारी लीलाराम साहू, विधानसभा शहपुरा अध्यक्ष दिलीप झारिया, संगठन मंत्री मनोज मिश्रा, सचिव रामकुमार मानिकपुरी, मेहंदवानी ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, सह सचिव मुन्नेद परस्ते, गेंद सिंह धुर्वे, युवा प्रभारी यशवंत साहू, सोशल मीडिया प्रभारी एवन संत, कार्यालय प्रमुख संदीप झारिया, सुरेश धुर्वे, रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और क्षेत्र की जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version