सतना मध्य प्रदेश
सतना 04 अक्टूबर 2026/मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला सतना द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को वृद्धजन सम्मान एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सेवा भाव को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को वृद्धजनों के अनुभवों एवं संस्कारों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वृद्धजनों का सम्मान किया गया तथा उन्हें आवश्यक सामग्री भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने वृद्धजनों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान, सहयोग एवं सेवा का कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा तथा सेवा और संवेदना की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि “वृद्धजनों का सम्मान संस्कारों की पहचान है। सेवा और सम्मान की भावना से ही सशक्त एवं संवेदनशील समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं मंडल अध्यक्ष आकांक्षा सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

