संवाददाता बिरेश शुक्ल
लोकेशन रीवा
9039097438
शराब के नशे में दबंगई, किराना दुकानदार के साथ मारपीट, महिलाओं व बच्चों से भी की अभद्रता, गढ़ थाना के ग्राम माल की घटना
रीवा जिले के ग्राम माल में एक किराना दुकानदार के साथ शराब के नशे में धुत दबंग द्वारा गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। फरियादी शिवेन्द्र नामदेव निवासी माल ने थाना गढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 01 नवम्बर की शाम करीब 7:50 बजे जब वे अपनी किराना एवं लेडीज सामान की दुकान पर मौजूद थे, तभी भीम सिंह उर्फ चंद्र प्रताप सिंह नामक व्यक्ति नशे की हालत में वहां पहुंचा और पैसे की मांग करने लगा।
वहीं आरोप है कि उसने फरियादी से 500 रुपये शराब पीने के लिए मांगे इस पर जब शिवेन्द्र नामदेव ने त्योहार के दिन पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा, यहां तक कि उसने कहा “तू हमारी जमीन पर बसा है, पहचानता नहीं हमें?” इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों और डंडे से दुकानदार पर हमला कर दिया, जिससे फरियादी के दाएं गाल, बाएं हाथ और पीठ पर चोटें आईं।
घटना के दौरान फरियादी का भाई धीरेन्द्र नामदेव और गौरव नामदेव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, तब जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ। इस दौरान आरोपी ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर भविष्य में फिर शराब के पैसे देने से मना किया तो वह जान से खत्म कर देगा। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने दुकान में घुसकर सारे सामान का तोड़फोड़ किया, सब्जियां और लेडीज वस्तुएं सड़क पर फेंक दीं।
वहीं दुकान पर मौजूद महिलाओं और बच्चियों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं, जिससे महिलाएं व बच्चे डर के माहौल में आ गए। पीड़ित ने कहा कि उसके पास घटना का वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है, जिसमें आरोपी द्वारा दुकान में की गई तोड़फोड़ और गाली-गलौज स्पष्ट दिखाई देती है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी भीम सिंह उर्फ चंद्र प्रताप सिंह के विरुद्ध बी एन एस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक हनुमानदीन वर्मा को सौंपी है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दबंगई और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर रोक लग सके।







