डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से भक्तिमय हुआ नगर, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजे गली-मोहल्ले; जगह-जगह भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
शहपुरा, डिंडौरी। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहपुरा नगर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। मां महाकाली और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के भव्य चल समारोह में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गूंजते जयकारे और जगह-जगह होती पुष्पवर्षा के बीच निकले चल समारोह ने नगर की धार्मिक परंपरा और आस्था की भव्य झलक प्रस्तुत की। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे इस समारोह में शहपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हर ओर माता रानी के जयकारे सुनाई देते रहे और वातावरण भक्तिरस से ओतप्रोत नजर आया।
आकर्षक साज-सज्जा के साथ निकलीं माता रानी की प्रतिमाएं
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार रविवार को नगर के बटौंधा चौराहा स्थित शारदा चौक, शहीद स्मारक, मढ़िया, मरवारी रोड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित मां महाकाली एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं का चल समारोह धूमधाम से निकाला गया। आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। माता रानी के दर्शन के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रतिमाओं का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर गूंजे जयकारे, जगह-जगह भंडारे
चल समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रतिमाओं के दर्शन किए। धार्मिक आयोजन के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे नगर में धार्मिक उल्लास और उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
