गरियाबंद। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में अम्बेडकर चौक गरियाबंद में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठजनों को उनके अधिकार, सम्मान, सुरक्षा, भरण-पोषण एवं कानूनी संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बी.आर. साहू, पॉक्सो कोर्ट की विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कु. खुशबु जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. खुशबु जैन ने वरिष्ठजनों को विभिन्न शासकीय पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा और अधिकारों की रक्षा के लिए कानून में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं तथा शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यालयों में उन्हें प्राथमिकता का भी प्रावधान है।
वहीं विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल ने वरिष्ठजनों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी।
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री बी.आर. साहू ने वरिष्ठजनों को वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों को अपने कानूनी अधिकारों एवं सम्मानजनक जीवन के अधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि माता-पिता अथवा वरिष्ठ नागरिकों के साथ तिरस्कार, उपेक्षा या भरण-पोषण में लापरवाही की स्थिति में संबंधित कानून के तहत आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जहां वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठजनों की ओर से दीपक मेश्राम ने आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं विधिक सहायता शिविर आयोजित किए जाने का आग्रह किया।
विधिक जागरूकता के साथ स्वास्थ्य जांच की यह पहल वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देती नजर आई।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

