पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विधि-विधान से की अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों की पूजा, पुलिस परिवार को दी दशहरा पर्व की शुभकामनाएं।
गरियाबंद। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के पावन अवसर पर रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) गरियाबंद में पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन श्रद्धा, आस्था और विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों का तिलक लगाकर तथा अक्षत और पुष्प अर्पित कर पूजन किया। इस दौरान जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कर्ण सिंह उके, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लितेश सिंह, एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा एवं रक्षित निरीक्षक श्री सनत कुमार ठाकुर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूजन के पश्चात अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने समस्त पुलिस परिवार, उनके परिजनों एवं जिलेवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
शस्त्र पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस, अनुशासन और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। पुलिस बल इसी भावना के साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
पुलिस लाइन गरियाबंद में आयोजित इस पारंपरिक अनुष्ठान ने विजयादशमी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए पुलिस विभाग की कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और सुरक्षा के संकल्प को भी अभिव्यक्त किया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







