सतना मध्य प्रदेश
सतना 02 नवम्बर 2026/म0प्र0 शासन के निर्देशानुसार नवम्बर माह के प्रथम कार्य दिवस सोमवार को कलेक्ट्रेट में कार्यालयीन कार्यों की शुरुआत राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के गायन से हुई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस की उपस्थिति में अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रुप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, राहुल सिलाडिया, एल.आर. जांगडे, संदीप श्रीवास्तव, सुभाष मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र वर्मा, संदीप परस्ते सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्यमंत्री ने किया पुरस्कृत
सतना 02 नवम्बर 2026/मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला सतना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप वाहनों की चाबियां एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती विद्या सोनी को 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य के ट्रैक्टर की चाबी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार के विजेता रजनीश पटेल को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट की चाबी एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसी प्रकार तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले रोहन मिश्रा को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी की चाबी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी विजेताओं की पुरस्कार राशि शासन स्तर से सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की गई है
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो
