13.75 लाख के मादक पदार्थ की तस्करी का खुलासा, पिकअप सहित कुल 23.75 लाख का मश्रुका जब्त

नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 किलो 610 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मश्रुके की कुल कीमत 23 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पिकअप वाहन में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर जीरन पुलिस टीम ने पुलिस सहायता केंद्र हरकियाखाल फंटा के पास फोरलेन रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान राजस्थान पासिंग पिकअप क्रमांक RJ 04 GC 3567 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 275 किलो 610 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से मनीष पिता शिवनारायण दमामी (21 वर्ष), निवासी गुराड़िया लालमुहा, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके साथी देवाराम पिता गोपाराम, निवासी संजाता, जिला बाड़मेर (राजस्थान) की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने डोडाचूरा, पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 23 लाख 75 हजार रुपए का मश्रुका जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।

जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

Comments are closed.