लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पारित — भाजपा ने बताया युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम
गरियाबंद। भाजपा जिला प्रभारी अमित चिमनानी ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के सुरक्षित भविष्य, ईमानदार प्रतिभा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं निर्णायक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सपनों की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी एवं कठोर निर्णय ले रही है। यह संशोधन उसी संकल्प का सशक्त प्रमाण है।
श्री चिमनानी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं केवल चयन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के वर्षों के कठिन परिश्रम, संघर्ष और उम्मीदों का आधार होती हैं। ऐसे में प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया, फर्जीवाड़ा और संगठित परीक्षा अपराध जैसी घटनाएं न केवल योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन करती हैं, बल्कि पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं। ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया यह संशोधन परीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनाएगा।
उन्होंने कहा कि संशोधन विधेयक के माध्यम से परीक्षा संबंधी अपराधों के विरुद्ध दंडात्मक प्रावधानों को और अधिक कठोर एवं प्रभावी बनाया गया है। इससे परीक्षा माफिया, प्रश्नपत्र लीक करने वाले संगठित गिरोहों तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का मार्ग और मजबूत होगा। साथ ही परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों, सेवा प्रदाताओं एवं संबंधित संस्थाओं की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया अधिक उत्तरदायी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनेगी।
भाजपा जिला प्रभारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, डिजिटल पारदर्शिता, रोजगार सृजन और अब परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में यह संशोधन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास और मजबूत होगा तथा योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा, जब देश के प्रत्येक युवा को बिना किसी भेदभाव और अनियमितता के अपनी योग्यता एवं परिश्रम के अनुरूप निष्पक्ष अवसर प्राप्त होंगे। लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 इसी सोच को साकार करने वाला एक प्रभावी कानून है, जो परीक्षा माफिया पर कठोर प्रहार करते हुए ईमानदार प्रतिभाओं की रक्षा करेगा और देश की परीक्षा प्रणाली को नई विश्वसनीयता प्रदान करेगा।
रिपोर्ट : नेहरू साहू, जिला ब्यूरो, गरियाबंद
