रामभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति भी जरूरी, राष्ट्र सुरक्षित रहेगा तभी धर्म और संस्कृति सुरक्षित रहेंगे
मुस्लिम समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने किया व्यासपीठ पूजन, सांसद विवेक साहू, मंत्री प्रहलाद पटेल और पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने भी प्राप्त किया आशीर्वाद
गोटेगांव। मणि नागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल के समीप मणि नागेंद्र सिंह फाउंडेशन एवं पटेल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस बुधवार को कथाव्यास पं. विपिन बिहारी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जातिवाद और आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के लिए आगे आना चाहिए। रामभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति भी जरूरी है, क्योंकि राष्ट्र सुरक्षित रहेगा तभी धर्म और संस्कृति सुरक्षित रह पाएंगे।
परिवार की मधुरता में बाधक हैं ईर्ष्या और द्वेष
रामायण के मंथरा प्रसंग का उल्लेख करते हुए महाराज श्री ने कहा कि मंथरा ने उस परिवार में भी विघटन पैदा कर दिया, जहां स्वयं भगवान श्रीराम निवास करते थे। आज भी ईर्ष्या, द्वेष और नकारात्मक सोच रिश्तों में दरार पैदा कर रही है। इसलिए परिवार की एकता और आपसी विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे अवगुणों से दूर रहना आवश्यक है। परिवार और रिश्तों की मधुरता ही सुखी जीवन का आधार है।

हिंदू-मुस्लिम एकता ही भारत की असली ताकत
कथा के दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों द्वारा व्यासपीठ पूजन किए जाने पर महाराज श्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत का हिंदू स्वामी विवेकानंद और मुसलमान डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की विचारधारा से प्रेरित हो जाए तो देश की ओर कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी एकता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति समर्पण में है।
जातिवाद छोड़ राष्ट्र निर्माण का लें संकल्प
महाराज श्री ने कहा कि आज व्यक्ति की सोच जाति तक सीमित होती जा रही है, जबकि आवश्यकता राष्ट्र के बारे में सोचने की है। जातिगत भेदभाव और वर्चस्व की लड़ाई समाज को अलग-अलग समूहों में बांट रही है। हमें जाति और पंथ के विवादों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संत समाज, राजनेताओं, शिक्षकों और चिकित्सकों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारवान भारत का निर्माण संभव है।
अपने भीतर की बुराइयों का करें अंत
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और पूतना वध प्रसंग का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य के भीतर भी पूतना रूपी बुराइयां और विकार मौजूद हैं। मनुष्य को अपने मन से ईर्ष्या, द्वेष और कलुषित विचारों का विष समाप्त कर बाल गोपाल की शरण में जाना चाहिए। भगवान की शरणागति ही जीवन को निर्मल और सार्थक बनाने का मार्ग है।

विभिन्न समाजों और जनप्रतिनिधियों ने किया व्यासपीठ पूजन
कथा के छठवें दिवस मुस्लिम समाज गोटेगांव, स्वर्णकार समाज गोटेगांव एवं नरसिंहपुर, स्वर्णकार महिला समाज करेली, छारिया समाज, अनाज-दलहन-तिलहन व्यापारी संघ गोटेगांव, राजपूत क्षत्रिय महासभा, श्री रामानंद न्यास नरसिंहपुर, सरपंच संघ, सचिव संघ एवं लोधी क्षत्रिय महासभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यासपीठ पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद विवेक साहू (बंटी), पूर्व विधायक तेंदूखेड़ा संजय शर्मा, मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल एवं मणि नागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजीनियर सरदार सिंह पटेल ने भी कथाव्यास का पूजन कर आशीर्वाद लिया। विभिन्न समाजों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक एकता और सद्भाव का स्वरूप प्रदान किया।
आज हवन के साथ होगा कथा सप्ताह का समापन, विशाल भंडारा भी
श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का समापन गुरुवार 5 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। प्रातः 8 बजे मणि नागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल में मूल पाठ स्थल पर पूजन एवं पाठ प्रारंभ होगा। प्रातः 10 बजे हवन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक कथा स्थल पर पं. विपिन बिहारी जी महाराज के श्रीमुख से कथा होगी। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। फाउंडेशन एवं पटेल परिवार ने धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
नरसिंहपुर से पुलिसवाला न्यूज़ से जिला ग्रामीण ब्यूरो चीफ पंडित अंकित शुक्ला कि रिपोर्ट







