एक दिन में 24 प्रकरण दर्ज, 9,730 किलो महुआ लाहन और 160.65 लीटर मदिरा जब्त, 9.89 लाख रुपये की सामग्री बरामद
छिंदवाड़ा। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान दोनों जिलों में एक ही दिन में कुल 24 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में 160.65 लीटर अवैध मदिरा और 9,730 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 9 लाख 89 हजार 60 रुपये बताया गया है।
अवैध कच्ची मदिरा निर्माण के बड़े अड्डों की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग ने इस बार ड्रोन तकनीक का सहारा लिया। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध स्थानों की निगरानी कर अवैध मदिरा निर्माण एवं भंडारण के संभावित ठिकानों को चिह्नित किया गया। इसके बाद विभागीय टीमों ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और अवैध सामग्री जब्त की।
छिंदवाड़ा में 18 और पांढुर्णा में 6 प्रकरण दर्ज
जिला छिंदवाड़ा में कार्रवाई के दौरान कुल 18 प्रकरण दर्ज कर 105.65 लीटर मदिरा और 6,730 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 83 हजार 560 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में मोहन सिंधी, पूजा सूर्यवंशी, गोपाल ठाकुरिया, लक्ष्मीबाई धुर्वे, हरपति डेहरिया एवं शिवराम वर्मा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
वहीं जिला पांढुर्णा में आबकारी विभाग ने 6 प्रकरण दर्ज कर 55 लीटर मदिरा एवं 3,000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 3 लाख 5 हजार 500 रुपये बताया गया है।
16 मदिरा दुकानों का निरीक्षण, ढाबों पर रात्रिकालीन गश्त
अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान के साथ ही विभागीय टीमों ने दोनों जिलों में संचालित कुल 16 मदिरा दुकानों का निरीक्षण भी किया। इनमें छिंदवाड़ा जिले की 12 और पांढुर्णा जिले की 4 दुकानें शामिल हैं। इसके अलावा रात्रिकालीन गश्त के दौरान छिंदवाड़ा में बिज्जू ढाबा सहित विभिन्न स्थानों पर जांच एवं निगरानी की गई। पांढुर्णा जिले में सेंटरपॉइंट ढाबा और बालाजी ढाबा सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निरीक्षण किया गया।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में ड्रोन तकनीक के माध्यम से अवैध मदिरा निर्माण के ठिकानों की निगरानी कर कार्रवाई को प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा -अमित मिश्रा






