डिंडौरी मध्यप्रदेश

डिंडौरी, 27 अप्रैल 2026
जिले में शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने रिकॉर्ड संधारण और भूमि अभिलेख डिजिटाइजेशन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील बजाग अंतर्गत ग्राम सुकुलपुरा (हल्का नंबर 169) के पटवारी राजेश कुमार द्वारा गुणवत्ता आश्वासन (QA) जांच के दौरान फॉर्म 438 के पांच बिंदुओं में अनियमितताएं पाई गईं। भूमि अभिलेखों का अद्यतन नहीं किया जाना और रिकॉर्ड संधारण में गंभीर कमी सामने आने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, भूमि रिकॉर्ड डिजिटाइजेशन कार्य में भी लापरवाही उजागर हुई है। आदेश के मुताबिक, पटवारी राजेश कुमार को 12 फाइलों के 438 पृष्ठों का परीक्षण कर अनुमोदन करना था, लेकिन समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने के कारण डेटा स्वतः अनुमोदित हो गया, जिसे प्रशासन ने गंभीर त्रुटि माना है।

इसी क्रम में, हल्का नंबर 53, ग्राम पौंडी माल की पटवारी शारदा पारधी को भी निलंबित किया गया है। उनके द्वारा 11 फाइलों के 349 पृष्ठों के QA कार्य में देरी और लापरवाही सामने आई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय बजाग निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई से राजस्व अमले में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version