कानपुर से पकड़े गए दोनों आरोपी, देश के 11 थानों और साइबर सेल में दर्ज हैं शिकायतें।
रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय साइबर आरोपियों को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने, जबकि दूसरे पर शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दोनों आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न 11 थानों और साइबर सेल में रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की और गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
वरिष्ठ IAS अधिकारी के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी।
पहले मामले में प्रार्थी सुशांत पनका ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री सुबोध कुमार सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने की शिकायत की थी। मामले में थाना राखी में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 336(3) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। फेसबुक, गूगल और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त जानकारी के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी अर्जुन कुमार जाटव, निवासी हमीरपुर, उत्तरप्रदेश की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की जांच में अन्य स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। इन मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शेयर ट्रेडिंग में 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
दूसरे मामले में प्रार्थी रश्मि शर्मा ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत रेंज साइबर थाना रायपुर में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 14/24 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सऐप से प्राप्त जानकारी के विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार दीक्षित, निवासी कानपुर, उत्तरप्रदेश की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर ‘दीक्षित एजेंसी’ नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से बैंक खाते खोलता था और धोखाधड़ी की रकम इन खातों में प्राप्त करता था। पूछताछ में अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी मिली है। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खाते से जुड़े मामले देश के विभिन्न 11 थानों और साइबर सेल में दर्ज होने की जानकारी मिली है।
गिरफ्तार आरोपी।
1. अर्जुन कुमार जाटव, पिता मुन्नू कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम पारा, तहसील मौदहा, जिला हमीरपुर, उत्तरप्रदेश।
2. प्रवीण दीक्षित, पिता विद्याभूषण दीक्षित, उम्र 46 वर्ष, निवासी पांडु नगर, हंसनगर, कानपुर, उत्तरप्रदेश।
रायपुर रेंज पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव।
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।







