💥पुराने ओएमआर हेराफेरी प्रकरण से भी नहीं लिया सबक, परीक्षा की पारदर्शिता पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन💥
💥उत्कृष्ट विद्यालय का परीक्षा केंद्र बदला, लेकिन प्राचार्य को संदीपनी विद्यालय में सौंपी केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी, परीक्षा से ओएमआर सीलिंग तक सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की मांग💥
कटनी/बहोरीबंद
कटनी। बहोरीबंद जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विगत वर्षों में उत्कृष्ट विद्यालय बहोरीबंद परीक्षा केंद्र पर सामने आई कथित अनियमितताओं और ओएमआर शीट में हेराफेरी के आरोपों के बावजूद इस बार परीक्षा की जिम्मेदारियों के निर्धारण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस प्राचार्य पर पूर्व में नवोदय प्रवेश परीक्षा में नकल कराने के आरोप लगे थे, उसी प्राचार्य को इस बार संदीपनी विद्यालय बहोरीबंद में परीक्षा केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस बार उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है, लेकिन उसी विद्यालय के प्राचार्य को दूसरे परीक्षा केंद्र की कमान सौंपे जाने से शिक्षा विभाग के निर्णय पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर पूर्व में विवादों और शिकायतों के घेरे में रहे जिम्मेदारों को दोबारा महत्वपूर्ण परीक्षा की जिम्मेदारी सौंपने के पीछे विभाग का क्या आधार है? क्या पुराने प्रकरणों की निष्पक्ष समीक्षा की गई है। इन्हीं सवालों और आशंकाओं को लेकर गुरुवार, 26 नवंबर को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम श्लोक वाइकर को ज्ञापन सौंपकर जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की।
💥परीक्षा के बाद ओएमआर शीट में हेराफेरी का आरोप💥
एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में विगत वर्षों के परीक्षा संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि दिसंबर 2025 में उत्कृष्ट विद्यालय बहोरीबंद परीक्षा केंद्र पर कुछ परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की शिकायतें सामने आई थीं। संगठन ने यह भी दावा किया कि दो वर्ष पूर्व प्रशासन को अवगत कराया गया था कि कथित अनियमितता परीक्षा के दौरान नहीं, बल्कि परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट के संकलन, गिनती और सीलिंग की प्रक्रिया के बीच हो सकती है।एसोसिएशन का कहना है कि परीक्षा केंद्र बदलने के बावजूद यदि पूर्व में विवादों में रहे शिक्षक और कर्मचारी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर तैनात रहते हैं, तो परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर संदेह बना रहेगा। संगठन ने मांग की है कि पूर्व में शिकायतों के घेरे में रहे और कारण बताओ नोटिस प्राप्त कर्मचारियों की भूमिका की समीक्षा कर उन्हें परीक्षा एवं ओएमआर संकलन संबंधी जिम्मेदारियों से अलग रखा जाए।
💥परीक्षा की पारदर्शिता के लिए चार प्रमुख मांगें💥
एसोसिएशन ने परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखी है-
- स्वतंत्र निगरानी दल का गठन: परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया राजस्व विभाग एवं अन्य निष्पक्ष अधिकारियों की विशेष टीम की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न कराई जाए।
- संदिग्ध कर्मचारियों को ड्यूटी से अलग रखा जाए: पूर्व में अनियमितताओं की शिकायतों या कारण बताओ नोटिस के दायरे में रहे कर्मचारियों की समीक्षा कर उन्हें परीक्षा और ओएमआर संकलन की जिम्मेदारी न दी जाए।
- हाईटेक सीसीटीवी निगरानी: परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष और ओएमआर संकलन कक्ष में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनकी लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था हो।
- सीलिंग और पैकिंग तक वीडियोग्राफी: परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट की गिनती, मिलान, सीलिंग और पैकिंग की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। पूरी प्रक्रिया के दौरान विशेष निगरानी दल की उपस्थिति अनिवार्य हो।
💥गरीब और ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य का सवाल💥
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का बड़ा अवसर होता है। सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर इस परीक्षा में सफलता हासिल करने का सपना देखते हैं। ऐसे में परीक्षा की निष्पक्षता पर उठने वाले सवाल केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़े हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पूर्व में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई थीं, तो शिक्षा विभाग ने उनसे क्या सबक लिया? क्या संबंधित शिकायतों की जांच हुई? यदि हुई तो उसका परिणाम क्या रहा? और यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी, तो उसे दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का आधार क्या है? विभाग को इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
💥एसडीएम ने दिया निष्पक्ष परीक्षा का भरोसा💥
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम श्लोक वाइकर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नवोदय प्रवेश परीक्षा पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा में निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. नारायण पटेल, पूर्णेश गर्ग, मनोज सिंह पटेल, नरेंद्र राय सहित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट








