रायपुर में 60 लाख की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

​रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में एक सूने मकान में हुई 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।

​यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री रॉबिन्सन गुरिया के सतत मॉनिटरिंग और कड़े निर्देशों के तहत अंजाम दी गई।

​मामला सरोना स्थित अरिहन्त कॉम्प्लेक्स का है, जहां निवासी प्रार्थी रविकांत गुप्ता 28 जुलाई को परिवार समेत बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और बड़ी रकम पार कर दी थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर घटनास्थल के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेजों की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी।

​कड़ी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों के बल पर पुलिस ने दो आरोपियों—करण तांडी उर्फ केडे (21 वर्ष) और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19 वर्ष)—को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 60 लाख रुपये मूल्य के संपूर्ण जेवरात, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जप्त कर ली है।

​पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से ही चोरी व मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनमें से आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी थाना पंडरी के एक अन्य चोरी के मामले में भी फरार चल रहा था, जिसमें उसकी अलग से गिरफ्तारी की जाएगी। आमानाका पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version