पत्नी से विवाद के दौरान बच्ची को आई सिर में अंदरूनी चोट, एम्स के आईसीयू में चल रहा इलाज; सरस्वती नगर पुलिस ने घंटेभर के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल।

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ कथित हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। पत्नी से विवाद के दौरान अपनी ही बेटी को दो बार जमीन पर पटकने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय आशीष कांवरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घायल बच्ची का एम्स रायपुर में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, बच्ची की मां सरगम कांवरिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे पति आशीष कांवरिया के साथ विवाद के दौरान उसने छह माह की बेटी हिमानी को दो बार जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची के सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। परिजन तत्काल बच्ची को उपचार के लिए एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है।

मामले में थाना सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2) एवं 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

रायपुर पश्चिम के उपायुक्त पुलिस श्री रॉबिन्सन गुरिया (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कांवरिया, पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी को घंटेभर के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply