ब्लैक स्पॉट की पहचान, सड़क सुरक्षा संकेतकों एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

जिले की 245 मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, साइलेंट जोन का चिह्नांकन एवं मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर नियंत्रण के निर्देश

*मनेंद्रगढ़ – एमसीबी*- जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कानून एवं शांति व्यवस्था, जिला स्तरीय एनसीओआरडी एवं सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, नशे की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में गत माह के सड़क सुरक्षा सप्ताह की मासिक रिपोर्ट के आधार पर यातायात व्यवस्था एवं नियमों के उल्लंघन के मामलों की समीक्षा की गई। दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर चलने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने के लिए हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने जिले के सक्षम नागरिकों से सामाजिक सहभागिता के माध्यम से हेलमेट वितरण शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। साथ ही जिला परिवहन अधिकारी को जिले के अलग-अलग विकास खंडों में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र नागरिकों को वाहन चालन अनुज्ञप्ति प्राप्त करने में सुविधा हो।

ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटनाजन्य स्थलों (ब्लैक स्पॉट), रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर, रेडियमयुक्त सड़क संकेतक एवं स्पीड ब्रेकर सहित विभिन्न सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही होटल एवं ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। साथ ही जिले में साइलेंट जोन का चिह्नांकन कर समय-समय पर निरीक्षण एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कबाड़ की आड़ में चोरी के सामानों की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जिले की सभी 245 मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की बैठक में नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिले की सभी 245 मेडिकल दवा दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन मेडिकल दुकानों में पहले से सीसीटीवी कैमरे स्थापित है, वहां कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग बैकअप की जांच कराने को कहा। इस व्यवस्था से प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं की अनधिकृत बिक्री पर निगरानी रखने में सहायता मिलेगी।

मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं खेती पर निगरानी
एनसीओआरडी बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी की प्रवृत्तियों से संबंधित खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, पोस्ता एवं भांग की अवैध खेती की निगरानी तथा अंतरराज्यीय स्तर से जुड़े प्रकरणों में जांच की प्रगति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही मादक पदार्थों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम संचालित करने, नशीले पदार्थों की पहचान एवं जांच के लिए आवश्यक उपकरणों का आकलन करने तथा जरूरत के अनुरूप उपकरणों की उपलब्धता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के विषयों को शामिल किया गया।

स्कूल-कॉलेजों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान पर विशेष जोर
युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के साथ ही एनडीपीएस एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने पर चर्चा की गई। जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के पर्यवेक्षण तथा उपलब्ध सेवाओं की निगरानी के विषय को भी शामिल किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एस.एस. मिश्रा, उत्तम ध्रुव, प्रदीप राठिया, श्रीमती इंदिरा मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग, जिला परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आबकारी विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ

Leave A Reply

Exit mobile version