कटनी । तहसील बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम नीमखेड़ा में लगभग सैकड़ो एकड़ भूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने बहोरीबंद प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सैकड़ो एकड़ भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।संबंधित राजस्व अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया जाए तथा राजस्व अभिलेखों के आधार पर यह पता लगाया जाए ,कि भूमि किस मद में दर्ज है और उस पर किसका कब्जा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच दल गठित किया जाए। यदि जांच में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर भूमि को शासन के आधिपत्य में वापस लिया जाए। ग्रामीणों ने कलेक्टर कटनी, एसडीएम बहोरीबंद, तहसीलदार एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों से मांग की है कि नीमखेड़ा की सैकड़ो एकड़ भूमि के मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। शासकीय संपत्ति की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। अब देखना होगा कि बहोरीबंद प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर जांच और सीमांकन की कार्रवाई करता है तथा कथित अवैध अतिक्रमण से भूमि को मुक्त कराने के लिए क्या कदम उठाता है।
✍️ पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट

