​ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (मध्य जोन) ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शुक्रवार तड़के एक व्यापक चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्री तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) श्री रमाकांत साहू के कुशल नेतृत्व में सुबह 4:30 बजे से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत लाभांडी व तेलीबांधा स्थित बीएसयूपी कॉलोनियों और देवार डेरा क्षेत्र को घेराबंदी कर खंगाला गया।

​थाना तेलीबांधा एवं पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारियों व जवानों के दल ने लगभग 350 मकानों की गहन जांच की। इस दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, संदिग्ध आगंतुकों और गैर-सत्यापित मकान मालिकों की कड़ाई से पड़ताल की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनमें पिछले 8 महीनों से फरार चल रहा मारपीट का एक इनामी आरोपी भी शामिल है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीम ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षा व सतर्कता के प्रति जागरूक भी किया। नागरिकों को ‘समाधान’ मोबाइल ऐप की कार्यप्रणाली समझाई गई और मकान मालिकों से किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने की ताकीद की गई। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में देकर सजग नागरिक की भूमिका निभाएं।

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version