ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगारमूलक कार्यों को गति देने, पीएम ग्राम सड़क योजना में गुणवत्ता और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर
गरियाबंद, 18 सितंबर 2026। जिला पंचायत सभाकक्ष में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए सांसद ने योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा, गुणवत्ता और जनहित को ध्यान में रखकर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, वनमंडलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चन्द्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिक्षा और रोजगार पर विशेष जोर
सांसद श्रीमती चौधरी ने जिले के स्कूलों में बच्चों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों के वितरण की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों में गणवेश एवं किताबें उपलब्ध करा दी गई हैं। वहीं बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरीमूलक कार्य प्रारंभ करने, प्रत्येक ग्राम पंचायत से प्रस्ताव प्राप्त करने तथा ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वीबीजी-राम-जी योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। सांसद ने कहा कि जिन ग्रामों में विकास कार्य स्वीकृत हों, उनकी जानकारी संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि योजनाओं की निगरानी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो सके।
सड़कों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी के निर्देश
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सांसद ने अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमों का पालन करते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, पेयजल, खनिज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सहायता, विद्युत, डिजिटल सेवाएं, रोजगार, सड़क, खेल, मत्स्य एवं खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचे विकास का लाभ : विधायक रोहित साहू
राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास कार्यों का लाभ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी निगरानी और *जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों के बीच समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन सड़कों का नियमित अवलोकन कर गुणवत्ता पर नजर रखने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का निरीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की अपील की।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

