रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल ने सिविल लाइन एवं तेलीबांधा क्षेत्र के होटल एवं बार संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। सी-4 सिविल लाइन में आयोजित बैठक में एडिशनल डीसीपी श्री विवेक शुक्ला, एसीपी सिविल लाइन, डीएसपी श्री रमाकांत साहू सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
डीसीपी ने होटल संचालकों को निर्देशित किया कि कमरा आवंटित करने से पहले प्रत्येक गेस्ट का वैध पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। विदेशी मेहमानों की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस को देने तथा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करने, बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने पर रोक, हुक्का व नशीले पदार्थों के सेवन तथा नाबालिगों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध गतिविधियों, विवाद, देह व्यापार जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने, व्यवस्थित पार्किंग, फायर सेफ्टी और महिला सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल डायल 112 एवं संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। होटल-बार संचालकों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपेक्षा की गई।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
