बजरंग दल और पुलिसकर्मी बनकर लूट-अपहरण करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने खुद को बजरंग दल एवं पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट और अपहरण की वारदात को अंजाम देने वाले दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
घटना 3 मार्च 2026 की है। देवेन्द्र कुमार मारकंडे अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से बछड़े लेकर मुड़केरा जा रहे थे। आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर स्विफ्ट कार सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताते हुए धमकाया, मारपीट की और देवेन्द्र का अपहरण कर दुगली की ओर ले गए। आरोपियों ने उनसे 13,800 रुपये नगद तथा PhonePe के माध्यम से 30 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए।
मामले में मगरलोड पुलिस ने पूर्व में ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और नगदी सहित करीब 7.58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चल रहे विकास आडिल (22) और साहिल अली (23) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में हिस्से की बची नगदी भी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
