कमिश्नरेट पुलिस रायपुर के मध्य जोन में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से होटल, लॉज तथा धर्मशालाओं में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) श्री तारकेश्वर पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) श्री विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
इस अभियान के तहत कोतवाली, गोलबाजार, गंज, मौदहापारा, सिविल लाइंस, देवेंद्र नगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कुल 89 ठहराव स्थलों (81 होटल, 7 लॉज और 1 धर्मशाला) का गहन निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने ठहरे हुए व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही आगंतुकों के वैध पहचान पत्र, होटल रजिस्टर, ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को जांचा।
निरीक्षण के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए 68 संचालकों को “समाधान” एप्लीकेशन के उपयोग की जानकारी दी गई। जांच में कमियां पाए जाने पर 9 संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए, जबकि 17 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दिया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और संचालकों से सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
