​रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर सोने की चैन पार करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट (ACCU) और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और एक पुरुष सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूम कर लग्जरी वाहन के जरिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

​बाजार की भीड़ में वृद्ध महिला बनी शिकार

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत 8 अप्रैल 2026 को हुई, जब प्रार्थी तरुणेंद्र वर्मा की 66 वर्षीय माता निर्मला वर्मा चंगोराभाठा बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके गले से सोने की चैन पार कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 238/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री संदीप कुमार पटेल ने तत्काल आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।

​CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से खुला राज

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित 15 सदस्यीय विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के सूक्ष्म अवलोकन के दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के पास मंडराती दिखीं और उन्हें चैन निकालते हुए रंगे हाथों (फुटेज में) देखा गया। टीम ने जब पीछा किया, तो पता चला कि यह गिरोह एक सफेद रंग की इनोवा गाड़ी (MP/09/BP/1064) का इस्तेमाल कर रहा है। अंततः घेराबंदी कर भाठागांव बस स्टैंड के पास से सभी 8 आरोपियों को दबोच लिया गया।

​चोरी के पैसों से खरीदी लग्जरी कार, एक दर्जन वारदातों का कबूलनामा

पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चैन चोरी से मिले पैसों से ही अपनी लग्जरी इनोवा कार खरीदी थी। गिरफ्तार आरोपियों ने रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर क्षेत्रों में करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा, यह गिरोह गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में भी सक्रिय रहा है। पकड़े गए सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं, जिनमें से अधिकांश इंदौर (मध्य प्रदेश) और कुछ जलगांव (महाराष्ट्र) के निवासी हैं।

​जप्त मशरूका और गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चैन, वारदात में प्रयुक्त कटर, 4 मोबाइल फोन, 10,500 रुपये नकद और इनोवा वाहन जप्त किया है। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 11,30,000 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और वाहन चालक अभय हातागले शामिल हैं। रायपुर पुलिस की इस मुस्तैदी ने शहर में सक्रिय एक बड़े गिरोह की कमर तोड़ दी है।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version