रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन में मिले 457 सुझाव, यातायात सुधार के लिए युवाओं ने दिखाया नवाचार
रायपुर, 22 सितंबर। रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026’ को नागरिकों, खासकर युवाओं और छात्रों का व्यापक प्रतिसाद मिला है। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार द इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) रायपुर के सहयोग से आयोजित इस हैकाथॉन में 17 सितंबर तक कुल 457 सुझाव और प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब 350 यूनिक प्रतिभागियों ने भागीदारी की है।
हैकाथॉन में युवाओं और छात्रों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कुल प्रतिभागियों में 61 प्रतिशत छात्र हैं, जबकि 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर बड़ी संख्या में नवाचारपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। अभियान के अंतिम तीन दिनों में ही 248 प्रस्ताव प्राप्त हुए, जो कुल प्रस्तावों का करीब 54 प्रतिशत है।
हैकाथॉन के लिए ट्रैफिक सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स (AI/IoT) सहित छह प्रमुख थीम निर्धारित की गई थीं। इनमें सुरक्षा और AI/IoT से जुड़े सुझावों की संख्या सबसे अधिक रही। प्राप्त 457 प्रस्तावों में से 293 प्रस्तावों के साथ विस्तृत कार्ययोजना और आवश्यक अटैचमेंट भी प्रस्तुत किए गए हैं।
प्राप्त प्रस्तावों की विशेषज्ञों द्वारा स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक 433 प्रस्तावों की प्रथम चरण की समीक्षा पूरी हो चुकी है, जिनमें 222 प्रस्ताव सफल पाए गए हैं। इनमें 21 प्रस्तावों को उपयुक्त अथवा अति उत्तम मानते हुए विशेषज्ञ समिति को भेजा गया है, जबकि 211 प्रस्ताव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अस्वीकृत किए गए हैं। शेष 24 प्रस्तावों, विशेषकर ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट से संबंधित सुझावों की प्रथम चरण की स्क्रीनिंग जारी है।
विशेषज्ञ स्तर पर हुई समीक्षा में AI/IoT थीम के तहत व्यस्त मार्गों पर जाम नियंत्रण से संबंधित एक व्यावहारिक नवाचार को प्रस्तुतीकरण के लिए आमंत्रित करने की अनुशंसा की गई है। समिति द्वारा ऐसे प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्हें रायपुर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और स्थानीय यातायात परिस्थितियों के अनुरूप व्यवहारिक रूप से लागू किया जा सके। सामान्य विचार, ठोस कार्ययोजना के अभाव वाले प्रस्ताव तथा केवल अन्य शहरों के उदाहरणों पर आधारित सुझावों को आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है।
अब लंबित ट्रैफिक इंजीनियरिंग, सेफ्टी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े प्रस्तावों की विशेषज्ञ समीक्षा पूरी की जाएगी। इसके बाद 27 सितंबर 2026 को NIT रायपुर में चयनित उत्कृष्ट प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण होगा। प्रस्तुतीकरण के उपरांत प्रत्येक थीम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ ही ओवरऑल बेस्ट विजेता का चयन किया जाएगा। चयनित विजेताओं को पृथक समारोह आयोजित कर आकर्षक पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
रिपोर्टर, मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- नीमच पुलिस के चार आरक्षकों को मिला प्रधान आरक्षक पद का प्रमोशन
- फिरोजाबाद: 15 साल से फरार आर्म्स एक्ट का वारंटी चढ़ा जीआरपी के हत्थे
- गणेश झांकी व विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, चाकूबाजी और नशाखोरी पर रहेगी विशेष नजर
- स्लीमनाबाद में हुआ भव्य सेवा संवाद कार्यक्रम
- बहोरीबंद जनपद पंचायत में बवाल, अध्यक्ष लाल कमल बंसल पर अभद्र भाषा के प्रयोग और बैठक छोड़कर भागने का आरोप, सदस्यों ने कलेक्टर से की शिकायत
- रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन में मिले 457 सुझाव, यातायात सुधार के लिए युवाओं ने दिखाया नवाचार
- अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल
- सैनिक छावनी की भूमि को लेकर VHP-बजरंग दल का बड़ा अल्टीमेटम







