रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: घरघोड़ी गांव ने पेश की नशा मुक्ति की मिसाल, ‘ऑपरेशन आघात’ से बदली तस्वीर
रायगढ़ | जिले में सामाजिक सुधार और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में चलाया जा रहा अभियान अब धरातल पर बड़े सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसी कड़ी में थाना घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम घरघोड़ी ने पुलिस और जनता के अटूट समन्वय से नशा मुक्ति की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। पिछले माह थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में की गई सख्त कार्रवाई के बाद, अब यह गांव पूर्ण शराबबंदी और जागरूकता की नई इबारत लिख रहा है।
उल्लेखनीय है कि घरघोड़ा पुलिस ने पूर्व में गांव में संचालित अवैध महुआ शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर भारी मात्रा में शराब जब्त की थी। इस कार्रवाई के उपरांत निरीक्षक कुमार गौरव ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस के इस आह्वान का ग्रामीणों पर गहरा प्रभाव पड़ा। पंचायत प्रतिनिधियों और महिला समिति की सक्रियता से गांव में एकजुटता आई और ग्रामीणों ने स्वयं मुनादी कराकर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखना शुरू कर दिया।
इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए ग्राम घरघोड़ी में पुनः एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कुमार गौरव ने ग्रामीणों को एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के संदेश से अवगत कराते हुए बताया कि “ऑपरेशन आघात” का मुख्य उद्देश्य केवल अपराधियों पर नकेल कसना ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से समाज से कुरीतियों को जड़ से मिटाना भी है। उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि महिलाएं स्वयं आगे आकर शराबबंदी का नेतृत्व कर रही हैं, जो कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है।
नशा मुक्ति के साथ-साथ इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को वर्तमान समय की चुनौतियों, जैसे साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के सटीक उपाय भी समझाए गए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरीक्षक गौरव ने “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 9479270533 का प्रचार-प्रसार किया और बीट आरक्षक प्रणाली के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच के विश्वास को और मजबूत करने पर बल दिया। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की भी समझाइश दी गई।
इस गौरवशाली अभियान में सरपंच श्रीमती हराकुंवर राठिया, उप सरपंच श्री उद्धव प्रसाद डनसेना और डीडीसी सदस्य श्री मुरलीधर राठिया सहित ग्राम पंचायत के पंचों और महिला समिति की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस विभाग की ओर से प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहे। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस बदलाव की सराहना करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी रहेगी, लेकिन वास्तविक और स्थायी परिवर्तन तभी संभव है जब समाज का हर नागरिक इस मुहिम में अपनी जिम्मेदारी समझे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

