रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात”: घरघोड़ा में नदी किनारे चल रही 8 अवैध भट्ठियां ध्वस्त, 190 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

​रायगढ़ | 03 अप्रैल, 2026
​रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस ने अपना शिकंजा और कस दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ग्राम घरघोड़ी के पास नदी किनारे दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की है और शराब बनाने के पूरे ढांचे को तहस-नहस कर दिया है।
​यह पूरी कार्रवाई एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी घरघोड़ा, निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि खेतधरहा नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर रेड मारी।
​छापेमारी के दौरान पुलिस ने छोटू डनसेना (37 वर्ष), निवासी घरघोड़ी को रंगे हाथों अवैध शराब बनाते हुए पकड़ा। मौके का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई, जहाँ शराब बनाने के लिए एक-दो नहीं बल्कि कुल 8 भट्ठियां धधक रही थीं। पुलिस टीम ने तत्काल इन सभी भट्ठियों को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 190 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 19,000 रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले बड़े सिल्वर बर्तन, टिन टीपा और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए गए हैं।
​पकड़े गए आरोपी छोटू डनसेना ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अवैध बिक्री के उद्देश्य से लंबे समय से इस कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत गैर-जमानतीय अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के साथ प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धोराम पटेल और महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
​एसएसपी की सख्त चेतावनी: मुख्यधारा में लौटें अपराधी
​इस बड़ी कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के अवैध शराब कारोबारियों को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस की यह मुहिम रुकने वाली नहीं है और आरोपियों को सीधे जेल भेजा जाएगा। एसएसपी ने संदेश देते हुए कहा कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोग इस काले काम को छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन यापन करें, अन्यथा पुलिस की सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। क्षेत्र में पुलिस द्वारा मुनादी कराकर भी लोगों को इस तरह के अपराधों से दूर रहने के प्रति सचेत किया गया है।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव ,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version