राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक योगदान को किया याद, विकास और जनकल्याण का लिया संकल्प
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्माण के शिल्पकार एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए साई मंदिर परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने अटल जी को नमन करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के ऐतिहासिक सफर पर प्रकाश डाला।
जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ देश के 26वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प का परिणाम थी। छत्तीसगढ़ की जनता की वर्षों पुरानी पृथक राज्य की मांग को उन्होंने साकार रूप दिया। उनके नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड और उत्तराखंड जैसे नए राज्यों का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि अटल जी का मानना था कि छोटे राज्यों के गठन से प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलती है। आज छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं, प्राकृतिक संपदा, कृषि और विकास की असीम संभावनाओं के साथ देश में विशिष्ट पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महापुरुषों और जननायकों के योगदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके दूरदर्शी विचारों और प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। इस अवसर पर अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, बलदेव सिंह, घनश्याम सिन्हा, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी, बिंद्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मिल्लेश्वरी साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, मंडल महामंत्री प्रहलाद ठाकुर, पार्षद विष्णु मरकाम, खेम सिंह, सूरज सिन्हा, विनोद नेताम, गोवर्धन सिन्हा, सोशल मीडिया जिला समाचार प्रभारी अमित वखरिया सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

