बालाघाट पुलिस ने सुलझाई युवती की संदिग्ध मौत की गुत्थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

बालाघाट – प्रेम विवाह के लिए दबाव बनाने और युवती द्वारा इंकार किए जाने से नाराज एक युवक द्वारा उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालाघाट पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभ में आत्महत्या प्रतीत हो रही युवती की मौत की गुत्थी पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सुलझाई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम बोदलकाशा के जंगल में वासी एथेनॉल प्लांट के पीछे लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतिका की पहचान साक्षी डोहरे (पिता रामेश्वर डोहरे), निवासी ग्राम लिंगमारा, थाना रामपायली के रूप में हुई। वह बालाघाट स्थित मिताली अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपायली निरीक्षक विनोद यादव एवं उनकी टीम ने जांच शुरू की।

आत्महत्या की कहानी निकली झूठी-

शुरुआत में आरोपी द्वारा घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी मामले की दिशा बदल दी।

डॉक्टरों के पैनल द्वारा जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई।

शादी के लिए दबाव बना रहा था आरोपी-

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश बाघमारे (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, गोरघाट, थाना तिरोड़ी, मृतिका पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा शादी से इनकार करने और आरोपी से पीछा छुड़ाने का प्रयास करने पर आरोपी उसे बालाघाट से अपनी मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने बोदलकाशा के जंगल में ले गया। वहां उसने कथित रूप से युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने झूठी कहानी गढ़ी और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। पुलिस की सूक्ष्म विवेचना में उसकी कहानी बेनकाब हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त-

मामले में थाना रामपायली में अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(क) में प्रकरण दर्ज कर आरोपी आकाश बाघमारे को 31 अक्टूबर 2026 की रात 10:50 बजे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP-50-ZC5950, आरोपी का मोबाइल फोन, मृतिका का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त रस्सी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय जेएमएफसी वारासिवनी के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –

इस मामले का खुलासा करने में थाना रामपायली निरीक्षक विनोद यादव सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य आधारित जांच से प्रथम दृष्टया आत्महत्या दिखाई दे रही घटना के पीछे छिपी हत्या की सच्चाई सामने आई।

रिपोर्ट – अजीत मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version