रायपुर। शहर में सुचारू यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल समन्वय को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मीटिंग रूम ‘संकल्प सभागृह’ तथा तीन सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त क्राइम, पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नवनिर्मित ‘संकल्प सभागृह’ और एसीपी कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया।
नवनिर्मित ‘संकल्प सभागृह’ को अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल कनेक्टिविटी से सुसज्जित किया गया है। यह सभागृह यातायात व्यवस्था की दैनिक समीक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में रणनीति तैयार करने, वीआईपी मूवमेंट की ब्रीफिंग तथा पुलिस बल के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए एकीकृत केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में दो तथा आईटीएमएस परिसर में एक एसीपी कार्यालय की स्थापना की गई है। इन नए कार्यालयों के माध्यम से फील्ड ऑपरेशंस की प्रभावी निगरानी, यातायात संबंधी मामलों में त्वरित निर्णय प्रक्रिया तथा आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा न केवल कार्यकुशलता को बढ़ाता है, बल्कि टीम भावना और त्वरित संवाद को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में आयोजित यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त क्राइम, पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
