महिलाओं ने भी उठाई आवाज, कहा—अवैध बिक्री पर लगे रोक
पुलिस चौकी सिलौडी में शराब की कथित
पैकारी पर बड़ा सवाल
गांवों तक पहुंच रही शराब? ग्रामीणों की शिकायतों से बढ़ी चिंता, पुलिस-आबकारी से जांच की मांग
महिलाओं ने भी उठाई आवाज, कहा—अवैध बिक्री पर लगे रोक;
सिलौंडी। सिलौंडी चौकी क्षेत्र में अवैध शराब की कथित बिक्री और पैकारी को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों ने जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ गांवों और प्रमुख मार्गों के आसपास निर्धारित शराब दुकानों के अलावा भी शराब उपलब्ध कराई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ स्थानों पर देर रात तक शराब बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शराब गांवों तक आसानी से पहुंच रही है तो इसकी आपूर्ति का स्रोत क्या है और इसे रोकने की जिम्मेदारी किसकी है? लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग से पूरे क्षेत्र में शराब बिक्री के संभावित ठिकानों की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतों के बाद भी क्यों नहीं थम रही चर्चा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक अवैध शराब बिक्री को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कथित पैकारी के कारण शराब की उपलब्धता बढ़ रही है, जिसका असर गांव के सामाजिक वातावरण और परिवारों पर पड़ रहा है। खासकर महिलाओं का कहना है कि शराब की बिक्री से घरेलू विवाद और सामाजिक परेशानियां बढ़ने की आशंका रहती है।
महिलाओं ने भी उठाई आवाज
कछार गांव बड़ा सहित क्षेत्र के कुछ हिस्सों में महिलाओं द्वारा शराब बिक्री के खिलाफ आवाज उठाए जाने की बात सामने आई है। महिलाओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से कच्ची शराब और अवैध पैकारी पर रोक लगाने की मांग की है। इससे मामला अब केवल शिकायतों तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सार्वजनिक चिंता का विषय बनता दिखाई दे रहा है।
अब जांच से खुलेगा कथित पैकारी का सच
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से क्षेत्र के गांवों, प्रमुख मार्गों और संदिग्ध स्थानों की जांच करें। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि यदि कहीं अवैध बिक्री हो रही है तो शराब की आपूर्ति कहां से हो रही है।
जितेंद्र मिश्रा कटनी
