डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा- जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कलेक्टर द्वारा 20 अगस्त 2026 को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया था। वहीं शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के दौरान एकीकृत माध्यमिक शाला धनगांव बंद पाए जाने पर संस्था प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र शहपुरा द्वारा जारी नोटिस क्रमांक ज.प.शि.के./स.शि.अभि./993/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026, में बताया गया है कि संकुल सह समन्वयक साक्षरता फूलचंद बरमैया द्वारा उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के दौरान संबंधित संस्था बंद पाई गई। नोटिस के अनुसार विद्यालय को 20 अगस्त 2026 को शाम 4:30 बजे से पूर्व बंद पाया गया। इस पर संस्था प्रमुख से विद्यालय बंद पाए जाने का कारण पूछा गया है।

दो दिन में देना होगा जवाब

जारी नोटिस में संस्था प्रमुख को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि संस्था प्रमुख का जवाब संतोषप्रद नहीं पाया जाता है तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को लिखा जाएगा। इसके लिए संस्था प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे।

विभाग ने लिया संज्ञान

बारिश के कारण विद्यार्थियों का अवकाश होने के बावजूद शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में मॉनिटरिंग के दौरान विद्यालय बंद मिलने पर शिक्षा विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटिस की प्रतिलिपि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग डिंडौरी, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र डिंडौरी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शहपुरा तथा संबंधित संकुल प्राचार्य को भी भेजी गई है। अब संस्था प्रमुख द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के बाद ही स्पष्ट होगा कि विद्यालय निर्धारित निर्देशों के विपरीत बंद क्यों पाया गया। जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना है।

Comments are closed.

Exit mobile version