डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। शहपुरा विधायक ने अपने निवास पर कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक धुर्वे ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के छात्रों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर पूरे डिंडौरी का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। कक्षा 10वीं का परिणाम 81.91 प्रतिशत से बढ़कर 83.8 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का परिणाम 76.86 प्रतिशत से बढ़कर 86.87 प्रतिशत पहुंच गया है।

कक्षा 10वीं में भुनेश्वर साहू ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रघुनंदन ठाकुर (97%) और ऊर्जा अग्रवाल (96.8%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कक्षा 12वीं में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने भी शानदार उपलब्धियां दर्ज कीं। कला संकाय में रूपेश यादव (93.80%) और शिवाली साहू (93.20%) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। गणित संकाय में तनुश्री साहू (95.80%) और सरस्वती पाराशर (95.20%) अव्वल रहीं। विज्ञान (मैथ्स) में झिलमिली मरावी ने 94.80 प्रतिशत अंक हासिल किए। वाणिज्य संकाय में ललित मशराम (92.20%) और सैयद मनताशा (89%) ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि कृषि संकाय में अमलेश्वरी धुर्वे (95.80%) और कौशिल्या राजपूत (93.80%) ने जिले का नाम रोशन किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों और शिक्षकों को शाल, श्रीफल एवं पुष्प भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से भरा रहा।

अंत में विधायक धुर्वे ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन में ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

Leave A Reply

Exit mobile version