गरियाबंद।
जिले के सुप्रसिद्ध शक्ति पीठ माता जतमाई धाम एवं माता घटारानी धाम में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है। प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन, पूजन एवं प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। चारों ओर हरियाली से आच्छादित पर्वत, कल-कल करती विशाल जलधाराएं और माता के जयकारों से गूंजता वातावरण पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर रहा है।
जतमाई धाम पर चित्रकूट धाम से पधारे पूज्य पंडित भागवताचार्य श्री अश्वनी शास्त्री जी महाराज ने माता जतमाई एवं माता घटारानी धाम की अलौकिक सुंदरता, दिव्य शक्ति और महिमा का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह धाम केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास, भक्ति और आत्मिक शांति का दिव्य केंद्र है, जहां माता की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
झरनों की गर्जना, प्रकृति की अनुपम छटा और भक्तों की अटूट आस्था ने इस पावन स्थल को एक दिव्य आध्यात्मिक उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया है। यहां पहुंचने वाला प्रत्येक श्रद्धालु माता के दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव कर रहा है
गरियाबंद का माता जतमाई एवं माता घटारानी धाम इन दिनों आस्था, अध्यात्म, प्रकृति और संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां का मनमोहक दृश्य हर किसी के हृदय में भक्ति, श्रद्धा और प्रकृति के प्रति असीम प्रेम का भाव जागृत कर रहा है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
