*शराब भट्टियों के आसपास विशेष वाहन जांच, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर; हुड़दंगियों को दी सख्त चेतावनी*

गरियाबंद। मातर पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गरियाबंद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों की भी जांच की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

*शराब भट्टियों के आसपास विशेष निगरानी*

मातर पर्व को देखते हुए शराब भट्टियों के सामने एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को रोककर उनकी जांच की गई तथा शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

*पुलिस की अपील—पर्व की खुशियां कानून व्यवस्था के दायरे में मनाएं*

गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मातर पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाएं। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अशांति या विवाद से दूर रहें।

पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार की खुशियों में किसी की सुरक्षा और शांति से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का निगरानी एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

*रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद*

Leave A Reply

Exit mobile version