महासमुंद: चेकिंग के दौरान ग्रैंड विटारा से 25 लाख रुपये नकद बरामद, ओडिशा का युवक हिरासत में
महासमुंद। जिले की पटेवा पुलिस ने अंतरराज्यीय मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मारुति ग्रैंड विटारा कार से भारी मात्रा में नकदी जब्त की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ₹25 लाख कैश के साथ ओडिशा के संबलपुर निवासी एक युवक को पकड़ा है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत ₹40 लाख से अधिक आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटेवा पुलिस ने NH-53 पर ग्राम जोगिडीपा के पास घेराबंदी की। पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की ग्रैंड विटारा (क्रमांक OD 15 AA 5080) को रोककर जब तलाशी ली गई, तो पिछली सीट पर रखे एक बैग से नोटों के बंडल बरामद हुए।
फ्लैट खरीदने के नाम पर ले जा रहा था रकम
कार चालक की पहचान मोहित आनंद (26 वर्ष), निवासी बुधाराजा, संबलपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए यह रकम ले जा रहा था। हालांकि, मौके पर वह इस बड़ी राशि के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या बैंक ट्रांजेक्शन के सबूत पेश नहीं कर सका।
जब्त संपत्ति का विवरण
पुलिस ने धारा 94 बी.एन.एस.एस (BNSS) के तहत नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्री इस प्रकार है:
अहम जानकारी: आरोपी द्वारा लिखित में यह स्वीकार किया गया कि उसके पास उक्त राशि से संबंधित कोई वैध कागजात उपलब्ध नहीं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मोटी रकम का स्रोत क्या है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
