प्रदेश संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, नियुक्ति से गरियाबंद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ संगठन ने विभिन्न प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी नियुक्ति सूची में राजेश साहू को शिक्षा प्रकोष्ठ का प्रभारी तथा श्वेता शर्मा को पंचायत प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियों की खबर सामने आते ही गरियाबंद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।

प्रदेश संगठन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न प्रकोष्ठों में संयोजक, सहसंयोजक एवं प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में राजेश साहू को शिक्षा प्रकोष्ठ और श्वेता शर्मा को पंचायत प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

शिक्षा और पंचायत स्तर पर संगठन को मिलेगी नई धार
राजेश साहू को शिक्षा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी मिलने से शिक्षा जगत एवं इससे जुड़े कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वहीं श्वेता शर्मा को पंचायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि दोनों पदाधिकारी अपने अनुभव और सक्रियता के माध्यम से संगठन को बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बधाई देने का सिलसिला शुरू

नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने दोनों नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्थानीय नेतृत्व को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना गरियाबंद जिले के लिए गौरव की बात है। नई जिम्मेदारियों से संगठनात्मक कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रियता के साथ जोड़ने का अवसर मिलेगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राजेश साहू और श्वेता शर्मा अपने-अपने प्रकोष्ठों को सक्रिय करते हुए संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नई नियुक्तियों के साथ ही गरियाबंद जिले में भाजपा संगठन के भीतर उत्साह, सक्रियता और नई उम्मीदों का माहौल बन गया है।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version