बिजुरी/अनूपपुर। एक ओर जिला प्रशासन विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजुरी-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग के वार्ड क्रमांक 08 की बदहाल सड़क उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि यह समझना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच कहीं सड़क बची है। लगातार बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग व्यापार एवं दैनिक आवश्यकताओं के लिए बिजुरी बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे साइकिल और दोपहिया वाहनों से स्कूल आते-जाते हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे आए दिन बच्चे और अन्य राहगीर फिसलकर गिर जाते हैं। कई लोगों को चोटें भी आई हैं और गंभीर हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से उठे सवाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के कई वादे किए गए थे, लेकिन वार्ड क्रमांक 08 की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत एवं जल निकासी की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें
गड्ढों में तत्काल मुरुम, गिट्टी या अन्य सामग्री भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
सड़क का समतलीकरण कराया जाए ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
सड़क पर जमा बारिश के पानी की निकासी की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
नगर पालिका का पक्ष
इस संबंध में नगर पालिका बिजुरी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़क का पूर्ण निर्माण कार्य कराया जाएगा।
हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्थायी निर्माण में समय लग सकता है, लेकिन बरसात के दौरान दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तत्काल अस्थायी मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था की जानी चाहिए।
रिपोर्ट: दिनेश केवट
जिला ब्यूरो, अनूपपुर
