डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
“बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं सुधरे हालात, बजाग स्टेट हाईवे पर तीन घंटे धरना-जाम”।
डिंडौरी/बजाग। बिजली की आंख-मिचौली और बदहाल मोबाइल नेटवर्क से परेशान बजाग क्षेत्र के ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर उतर आया। लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे बड़ी संख्या में ग्रामीण बजाग जनपद मुख्यालय पहुंचे और स्टेट हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि बजाग क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। बार-बार बिजली गुल होने और आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
पढ़ाई से लेकर ऑनलाइन काम तक प्रभावित
ग्रामीणों के मुताबिक मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। व्यापारियों को डिजिटल लेन-देन में परेशानी होती है, वहीं आम लोगों को ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग तथा विभिन्न शासकीय सेवाओं से जुड़े कार्यों के लिए भी परेशान होना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली और नेटवर्क की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें, आवेदन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बार-बार आश्वासन मिलने और समस्याएं जस की तस बने रहने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।
‘हर बार मिला आश्वासन, इसलिए सड़क पर उतरना पड़ा’
ग्रामीण लोकेश पटेरिया ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से कई बार निराकरण की मांग की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। स्थायी समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शन और हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद एसडीएम पुष्पेंद्र अहके ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने बिजली, मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों से कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और करीब तीन घंटे बाद स्टेट हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
100 केवी का ट्रांसफार्मर बदलने का काम जारी
बिजली विभाग के कार्यपालन यंत्री आर.के. बघेल ने बताया कि क्षेत्र में 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर बदला जा रहा है। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं प्रशासन ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर भी संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है।
हालांकि तीन घंटे के आंदोलन के बाद ग्रामीण सड़क से हट गए, लेकिन अब नजर इस बात पर रहेगी कि प्रशासन की ओर से दिया गया भरोसा इस बार जमीनी समाधान में बदलता है या ग्रामीणों को एक बार फिर केवल आश्वासन से ही संतोष करना पड़ेगा।
