बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक युवती पर अज्ञात युवक ने एसिड से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के चेहरे पर तेजाब फेंका और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती पढ़ाई के सिलसिले में बाहर गई थी। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले के बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि एसिड के हमले से युवती के चेहरे सहित शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि वारदात के बाद आरोपी तांदुला बांध की ओर स्थित जंगल क्षेत्र में भागा है। आरोपी के सफेद रंग की शर्ट पहने होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
