डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी। प्रदेश के 55 जिलों की वीरभूमि से एकत्रित की जा रही पवित्र माटी से भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में 55 संकल्प वृक्ष रोपे जाएंगे। इसी क्रम में डिंडौरी जिले में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के समाधि स्थल से विधिवत पवित्र माटी का संग्रहण किया गया।
समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार ब्रजभान सिंह मार्को ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने वीरभूमि की माटी एकत्रित कर उसे सुरक्षित पैकेट में रखा।
संग्रहित माटी को एनसीसी कैडेट्स ने तहसीलदार ब्रजभान सिंह मार्को को सौंपा। इसके बाद तहसीलदार मार्को एवं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य अल्का विश्वकर्मा ने माटी का पैकेट 4 एमपी सीटीआर यूनिट से पहुंचे नायब सूबेदार गणेश गिते को विधिवत हस्तांतरित किया।
इस अवसर पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशप्रेम, राष्ट्रसेवा और बलिदान की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी के एनसीसी प्रभारी और कैडेट्स के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
भोपाल में बनेगा शौर्य और संकल्प का प्रतीक
मुख्यमंत्री की पहल के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों की वीरभूमियों से पवित्र माटी एकत्रित की जा रही है। इन जिलों से लाई जाने वाली माटी का उपयोग भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में 55 संकल्प वृक्षों के रोपण में किया जाएगा। यह पहल प्रदेश के वीरों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति की स्मृतियों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ युवाओं को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से की जा रही है।
