डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

जन विश्वास अभियान में 115 आवेदनों का त्वरित निराकरण, 85 लोगों की नेत्र जांच के बाद 76 को बांटे चश्मे

डिंडौरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में अलग-अलग विभागों से जुड़े 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निराकरण किया गया। वहीं स्वास्थ्य शिविर में 373 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

373 लोगों की जांच, 76 को मिले चश्मे

स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एनीमिया और सिकल सेल सहित विभिन्न रक्त जांच की गईं। इसके अलावा खखार जांच, एक्स-रे, एएनसी और नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में 85 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 76 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की।

आश्रम पहुंचीं कलेक्टर, बच्चों से किया संवाद

इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम गौरा कन्हारी का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों से उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने बच्चों की जरूरतों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्वयं जूते-मोजे पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया और नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच पर जोर

जन विश्वास अभियान के माध्यम से दूरस्थ और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में ग्रामीणों तक प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। गौरा कन्हारी में आयोजित शिविर में एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments are closed.

Exit mobile version