शहडोल: वन विभाग की टीम ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक रेत लदे डग्गी वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग पर गश्ती के दौरान की गई।
वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.), वनमंडलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र शहडोल की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। दोपहर लगभग 3:00 बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर, बीट निपनिया के कक्ष क्रमांक आरएफ 745 (रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग) पर एक संदिग्ध डग्गी वाहन को घेराबंदी कर रोका गया।
बिना दस्तावेज नरवार से लाई जा रही थी अवैध रेत
जांच के दौरान वाहन में अवैध रूप से लोड रेत पाई गई। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम बृहस्पति सिंह (पिता बैजनाथ सिंह, निवासी कटहरी) बताया। वाहन क्रमांक MP18GA4357 की तलाशी लेने पर चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने स्वीकार किया कि रेत का अवैध उत्खनन नरवार से किया गया था।
वाहन जब्त, गोहपारू कैम्पस में खड़ा कराया गया
दस्तावेज न मिलने पर वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20452/16 दर्ज किया। जब्त वाहन को वन परिक्षेत्र कार्यालय गोहपारू कैम्पस में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी शहडोल विनायक कुमार गौतम, परिक्षेत्र सहायक बडखेरा श्रीप्रकाश शुक्ला और निपनिया बीटगार्ड राजेंद्र तिवारी सहित अन्य वन स्टाफ की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट- अजय पाल

