ग्राउंड पुलिसिंग मजबूत करने, तकनीकी अनुसंधान एवं अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों, कानून व्यवस्था तथा पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को ग्राउंड लेवल पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में निरंतर प्रभावी ग्राउंड पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

संपत्ति संबंधी अपराधों में तकनीकी एवं एक्सपर्ट आधारित अनुसंधान

पुलिस अधीक्षक ने संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना में टेक्निकल एवं एक्सपर्ट आधारित अनुसंधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अपराधों के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने के निर्देश दिए गए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती

यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अधिक से अधिक कार्रवाई करने तथा धारा 185 मोटरयान अधिनियम सहित संबंधित प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाहन चेकिंग के दौरान दो पहिया, चार पहिया एवं अन्य सभी प्रकार के वाहनों की सघन एवं निष्पक्ष जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

NDPS मामलों में कमर्शियल बरामदगी पर सख्त कार्यवाही

NDPS एक्ट के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि मादक पदार्थों की कमर्शियल मात्रा में बरामदगी वाले प्रकरणों में विधि-सम्मत एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

लोक शांति भंग करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही*

लोक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा ऐसे व्यक्तियों को अंतिम रूप से बाउंड ओवर कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए।

डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा

पुलिस अधीक्षक ने CCTNS, e-Sakshya, e-FIR एवं टैब के माध्यम से पुलिस अनुसंधान एवं विवेचना तथा अन्य पुलिस कार्यवाहियों को प्रभावी रूप से संपादित करने के निर्देश दिए। डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग से अनुसंधान की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं कार्यवाही की गति बढ़ाने पर जोर दिया गया।

SC/ST प्रकरणों में समय-सीमा में चालान

SC/ST एक्ट से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूर्ण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए। प्रकरणों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
CM हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण*

CM हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण करने तथा शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस कर्मचारियों की वर्दी एवं बॉडी वार्न कैमरा पर जोर

बैठक में पुलिस कर्मचारियों के अनुशासन एवं व्यवहार को लेकर भी निर्देश दिए गए। सभी पुलिस कर्मचारियों को निर्धारित अनुशासनात्मक वर्दी धारण करने, ड्यूटी के दौरान बॉडी वार्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का आवश्यकतानुसार उपयोग करने तथा आमजन से बेहतर एवं विनम्र संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए थाना स्तर पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों का उपयोग एवं आमजन से बेहतर संवाद को लगातार मजबूत किया जाए।

बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित अपराधों, गुम बालक/बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाए जाने एवं शिकायतों के निराकरण तथा आगामी कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को लेकर भी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित सभी थानों के थाना प्रभारी चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट जितेन्द्र मिश्रा कटनी

Comments are closed.

Exit mobile version