शहडोल मध्य प्रदेश

शहडोल। वार्ड क्रमांक 19, घरौला मोहल्ला के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में वर्षों से व्याप्त पेयजल संकट को जड़ से समाप्त करने के लिए स्थानीय पार्षद सिल्लू रजक के विशेष प्रयासों से 7 लाख लीटर क्षमता की विशाल पानी टंकी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कार्य का शुभारंभ घरौलानाथ हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

जल संकट से मिलेगी मुक्ति, पार्षद की मेहनत लाई रंग

​विदित हो कि घरौला मोहल्ला और आसपास के वार्डों में गर्मी के समय पानी की समस्या विकराल रूप ले लेती थी। स्थानीय लोगों की तकलीफों को समझते हुए पार्षद सिल्लू रजक ने प्रशासन के समक्ष लगातार पैरवी की। उनके अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि शहर में स्वीकृत पांच नई टंकियों में से सबसे बड़ी टंकी वार्ड क्रमांक 19 को आवंटित की गई। इस योजना के तहत न केवल टंकी का निर्माण होगा, बल्कि शहर की अधूरी पाइपलाइनों को भी पूरा किया जाएगा, जिसमें लगभग 80 से 90 मीटर नई पाइपलाइन बिछाई जानी है।

जनता ने जताया आभार

निर्माण कार्य शुरू होने पर पार्षद सिल्लू रजक ने कहा, “मेरा लक्ष्य क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस टंकी के बनने से हजारों परिवारों को घर-नल के माध्यम से पर्याप्त जल मिल सकेगा।”
वार्डवासियों ने पार्षद के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि सिल्लू रजक के सक्रिय नेतृत्व के कारण वर्षों पुरानी पानी की किल्लत अब इतिहास बन जाएगी। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए पार्षद का आभार व्यक्त किया है और प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने की अपेक्षा की है।

अजय पाल

Comments are closed.

Exit mobile version