पांढुर्णा। पांढुर्णा-परसोडी हाईवे पर शनिवार को एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया। चलती बाइक पर सवार युवक की जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया, जिससे उसकी पैंट में आग लग गई। आग लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक सड़क पर करीब 12 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया तथा उसके पैर की हड्डी भी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, टेमनी कला निवासी संदीप परतेती ड्राइटेक कंपनी में कार्यरत हैं। शनिवार को ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पांढुर्णा-परसोडी हाईवे पर उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया। धमाके के साथ आग लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
बाइक पर पीछे बैठे विजय परतेती ने बताया कि मोबाइल फटते ही आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक सड़क पर गिर चुकी थी और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पांढुर्णा पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. निलेश धाड़से ने बताया कि हादसे में संदीप के पैर, प्राइवेट पार्ट और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए हैं। जांच में पैर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना ने चलते वाहन में मोबाइल रखने और उसकी सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा
